Saturday, December 19, 2009

श्याम सुन्दर के गीत लिए, बरसों से बैठा सुमिरन जल
जो तत्परता से भीग सके, पावन हो उसका अन्तः स्थल
गुरु कृपा दृष्टि हरियाली, गुरुमय मन नित दिवाली
उत्सव अनंत के आने का, हो रही धरा मतवाली

Friday, December 18, 2009

बार बार उस पथ पर आकर, अंतस में उन्नत स्पंदन
परिक्रमा से पार लग रहे, तत्क्षण ये सारे भाव बंधन

उजियारे का लिए बुलावा, किरण सुनहरी घर घर आये
करो उजागर सुन्दरतम को, ये सन्देश जिए और गाये

Thursday, December 17, 2009

मिले सहज ही दृश्य में, नव विस्तार अपार
बैठ किनारे फिर भी मन, क्यों देखे उस पार
ताल तल्लैय्या में धरा मंगल लीला गान
प्रेमी जन करते रहें, दिव्यसुधा रस पान

Wednesday, December 16, 2009

सब सोये होते हैं शहर में, जागते हैं आदित्य नायक, छा जाते गली आँगन
उजियारे फैला कर, छुपा हुआ सब दिखला कर, जाग्रत कर देते अपनापन
ना जाने कबूतर ने, कबूतरी के कान मैं क्या फुसफुसाया
मौन में शाश्वत प्रणय लीला का रसमय गान उमड़ आया

Tuesday, December 15, 2009

पेड़ों कि जड़ों के साथ, वहां पर जड़ें हैं भक्ति और सुमिरन की
जहाँ पर खेले कान्हा, आरती उतारें उस भूमि के कण कण की


बात क्या है कि माता कहलाती हैं गैय्या
क्यों बन गए द्वारकाधीश भी धेनु चर्रैय्या
पावन संवेदना कि वाहक, भोली, उदार
स्नेहमय, शांति स्वरूप गोमाता है भैय्या

Monday, December 14, 2009

पतझर के आने से पहले, सुंदर लिखता वृक्ष कहे
पत्ते चाहत के प्रतीक हैं, चाहत हरदम नहीं रहे
कभी नहीं मिटता उजियारा, जागे नित बाज़ार हमारा
लेन देन का कौशल लेकर, बढ़ता है संसार ये सारा

Sunday, December 13, 2009

हँसी ऐसी की जैसे, धुल जाएँ, सब दुःख-शोक, मिट जाए मोह
बह निकले आत्म सुधारस, सघन सामिप्य बन जाए बिछोह
यूँ तो देख रहे हैं एक ही दिशा की तरफ़ हम सब
पर नहीं जानते, किसको, क्या, दिख जाता है कब